इंदौर। 03 अगस्त, 2026। श्री क्लॉथ मार्केट कन्या वाणिज्य महाविद्यालय, इन्दौर में जन्माष्टमी के पावन पर्व पर सतरंगी कार्यक्रमों एवं स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. मंगल मिश्र ने बताया कि इस अवसर पर विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों एवं श्रीकृष्णजी के जीवन-दर्शन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत मटकी फोड़ प्रतियोगिता, भजन प्रतियोगिता, गीता ज्ञान एवं वक्तव्य प्रतियोगिता, झूला सज्जा प्रतियोगिता तथा श्रीकृष्णजी की वेशभूषा प्रतियोगिता आयोजित की गई। छात्राओं ने सभी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक अभिरुचि का परिचय दिया। मटकी फोड़ प्रतियोगिता ने कार्यक्रम में विशेष उत्साह और उमंग का वातावरण निर्मित किया। भजन प्रतियोगिता में छात्राओं ने भक्तिमय प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध किया।
गीता ज्ञान एवं वक्तव्य प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने श्रीमद्भगवतगीता के कर्मयोग, कर्तव्य, निष्ठा एवं जीवन-मूल्यों को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। झूला सज्जा एवं श्रीकृष्ण स्वरूप प्रतियोगिता में आकर्षक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
सम्पूर्ण उत्सव में छात्राओं का सबसे ज्यादा आकर्षण मटकी फोड़ के प्रति रहा। इसमें दोनों तरह, व्यक्तिगत एवं पिरामिड मेकिंग (सामूहिक मटकी फोड़), प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें छात्राओं की उत्साहजनक भागीदारी ने महोत्सव के आनन्द को द्विगुणित कर दिया। इसमें अधिकतम 14 छात्राओं की चार टोलियों ने पिरामिड के शेप में मटकी फोड़कर उसमें भरी टॉफियों एवं चॉकलेट्स का भरपूर आनन्द लिया। महाविद्यालयीन छात्राओं द्वारा श्री कृष्णजी की वेश-भूषा धारण करना भी कार्यक्रम का खास आकर्षण रहा। इस प्रकार सतरंगी कार्यक्रमों द्वारा बलराम जयंती एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनायी गयी।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. मंगल मिश्र ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हमारे अन्दर सदैव सीखने की ललक एवं विनम्रता का भाव रहना चाहिये। प्रभु श्रीकृष्ण जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से शिक्षा लेकर हमें आत्ममंथन द्वारा स्वयं का विकास करना चाहिये। कार्यक्रम का संचालन कु. पूनम व्यास ने किया। सम्पूर्ण कार्यक्रम छात्रासंघ परामर्शदात्री डॉ. संगीता माहेश्वरी के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर विजेता छात्राओं को पुरस्कार वितरित किये गये। कार्यक्रम में छात्राओं की उपस्थिति उत्साहपूर्ण रही।

